बस्ती। सनातन धर्म संस्था बस्ती की ओर से छठवें संस्करण के श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारी को लेकर शुक्रवार को जानकारी दी गई। बताया गया कि पुरातन संस्कृति, सत्य सनातन धर्म व मानवता से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित रामलीला में मंडल के 25 विद्यालयों के करीब 700 बच्चों प्रतिभाग करेंगे। इस बार श्रीरामलीला के साथ भगवत गीता का उपदेश और श्रीराम स्तुति का मंचन कर बच्चे मन मोहेंगे।
आयोजन समिति के सदस्य डॉ. अश्विनी सिंह ने कहा कि समिति का उद्देश्य है कि जाति पाति, वर्ग भेद, ऊंच नीच से ऊपर उठकर सामाजिक समरता के सबसे बड़े उदाहरण श्री राम जी के चरित्र और उनके आचरण को भावी पीढ़ी में पहुंचाने का जो कार्य किया जा रहा है, उससे नवीन भारत के निर्माण में सहायता मिलेगी और भारतीय संस्कृति और मूल्यों का क्षरण हो रहा है। ऐसे में बहुत आवश्यक है कि भावी पीढ़ी में श्री राम के जैसा आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा दिया जाए, जिससे जन कल्याण हो।
बताया गया कि इस वर्ष ये महोत्सव जन-जन के मानस पटल पर पहचान बनाने में सफल होने जा रहा है। पुरुषों में सर्वोत्तम मर्यादा के पर्याय प्रभु श्री राम के जीवन से जुड़े जितने भी कथानक समाज में जाने गए हैं, वो सभी संपूर्ण समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं। इस वर्ष गोविंद राम सक्सेरिया इंटर काॅलेज में 31 अक्तूबर से नौ नवंबर तक होने वाली श्री रामलीला महोत्सव होगा।
समिति के सदस्य अतुल चित्रगुप्त, रमेश पाल सिंह, रिटायर्ड कर्नल केसी मिश्र ने कहा कि यह दिव्य आयोजन इस बार बड़े परिसर में और शहर के मध्य हो रहा है इस बार की तैयारी भव्य है, यह आयोजन ऐतिहासिक होगा। दर्शकों की सुगमता के लिए गांधीनगर मुख्य मार्ग से एपीएन व मालवीय रोड के बैरिहवा चौराहा से गेट खुले रहेंगे। डॉ. शैलेष सिंह श्री रामलीला में भगवान के जीवन की पूरी लीला का सजीव मंचन बाल कलाकारों द्वारा होता है। श्री रामचरित मानस, राधेश्याम रामायण, वाल्मीकि रामायण के सुंदर संवादों को सुनने का अवसर मिलता है। मनीष सिंह ने कहा कि यह आयोजन अब बस्ती मंडल का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है, वर्ष भर श्री राम भक्त इस आयोजन की प्रतीक्षा करते हैं। इस वर्ष श्री रामजन्म का भव्य उत्सव, श्री रामजानकी के विवाह में गाजे बाजे के साथ बारात, वृहद लंका दहन व श्री राम जी का भव्य राज्याभिषेक कार्यक्रम आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनेगा। इस दौरान मुक्तेश्वर नाथ आजाद, अखिलेश दूबे,
कैलाश नाथ दूबे, सुशील, अनुराग शुक्ल, पंकज त्रिपाठी, अर्पित गौड़ मौजूद रहे।
-
इन स्कूल के बच्चे करेंगे मंचन
सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, महेश प्रताप इंटर कॉलेज, यूनिक साइंस एकेडमी, सीडीए एकेडमी, श्रीनेत ग्लोबल स्कूल, उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, लिटिल फ्लावर स्कूल, रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज-सिद्धार्थनगर, सेंट जोसफ स्कूल, सावित्री विद्या विहार, जागरण पब्लिक स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल, एसडीएस स्कूल, सेंट फ्रांसिस स्कूल, गन्ना विकास इंटर कॉलेज खलीलाबाद, दिल्ली स्कूल ऑफ एक्ससीलेंस, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, पंडित चतुर्भुज तिवारी विमला देवी इंटर कॉलेज, ओमनी इंटरनेशनल स्कूल, ब्लूमिंग बड्स हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे श्रीरामलीला महोत्सव में मंचन करेंगे।
-
इन स्कूल के बच्चे देंगे श्रीमद्भागवत गीता की प्रस्तुति
एसपी चिल्ड्रंस एकेडमी, एमसीसी इंटरनेशनल, डॉन वास्को स्कूल, ड्रीमटी इंटरनेशनल आदि विद्यालयों के बच्चे श्रीमद्भागवत गीता की प्रस्तुति देंगे। बहुत से विद्यालय श्री रामस्तुति की तैयारी कर रहे हैं।