संदिग्ध 73 स्थलों पर आबकारी टीम ने मारा छापा
- शासन के निर्देश पर चलाया अभियान
- बाढ़ वाले कई इलाकों में संदिग्ध ठिकानों की हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पश्चिमी जिलों में जहरीली शराब से मौत व लाइसेंसी दुकानों पर नकली शराब की सूचनाओं पर जिले में आबकारी विभाग 72 घंटे के अलर्ट पर है। इस दौरान विभिन्न टीमों ने 73 संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी की। सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि 18 सौ क्विंटल लहन नष्ट करते हुए 170 लीटर कच्ची शराब जब्त किया। टीम ने जिले के लाइसेंसी देशी, विदेशी, बीयर व माडल शॉप को भी निशाने पर रखा और 220 दुकानों की औचक जांच की।
आबकारी विभाग के 72 घंटे के अलर्ट मोड पर आने के बाद जिले भर के कई संदिग्ध ठिकानों पर टीम ने कार्रवाई की गई। इस दौरान उनके संज्ञान में आया कि बाढ़ क्षेत्र के कई गांव जहां पानी काफी ऊपर तक है कि आसपास के इलाकों में कुछेक संदिग्ध नए ठिकाने भी बन गए हैं। हालांकि इनको सूचीबद्ध करने के बाद टीम वहां बाढ़ के चलते नहीं जा सकी, मगर उन इलाकों को खंगाला जो पहले से चिह्नित हैं। टीम ने बरहपुर पांडेय, बरहपुर काजी, करिगहना जमौलिया पांडेय, बाघानाला, कल्यानपुर, छतौना, संदलपुर, बोदवल, करवल कालोनी सहित कुल 73 स्थानों की जांच कर सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, जबकि 18 सौ क्विंटल लहन जांच के दौरान नष्ट किया। टीम ने 170 कच्ची शराब बरामद किया। जिला आबकारी अधिकारी नवीन सिंह ने कहा कि शासन के निर्देश पर 72 घंटे का अभियान चलाया गया है। इसमें तमाम नए तथ्य भी उभर कर सामने आए हैं। जलभराव व बाढ़ ग्रस्त इलाकों में भी कच्ची शराब बनाए जाने की सूचनाएं मिल रही हैं, मगर पानी के नाते टीम वहां तक नहीं पहुंच पा रही है। इस सूचना के बाद इलाके में नजर रखी जा रही है, जहां भी कच्ची शराब के बिक्री या निकलने की जानकारी होगी कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंसी दुकानों को भी खंगाला गया है।