रामजानकी मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी
- नौ श्रद्धालुओं को आई चोट, पुलिस ने भेजा अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। दुबौलिया थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर राज पब्लिक स्कूल खुशहालगंज के सामने मंगलवार की देर शाम श्रद्धालुओं से भरी टैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसा ट्रैक्टर-ट्राली में कार की टक्कर लगने से हुआ। ट्राली में सवार नौ श्रद्धालु घायल हो गए। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार त्रिपाठी ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बहादुरपुर कलवारी भेजा।
मंगलवार को कलवारी थाना क्षेत्र के तिंसाहे गाव निवासी जियालाल यादव नया टैक्टर खरीदने पर गांव के करीब 54 लोग के साथ सवार होकर अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। देर शाम अयोध्या से वापस आते समय रामजानकी मार्ग राज पब्लिक स्कूल खुशहालगंज के पास पहुंचे ही थे की सामने से आ रहे कार से आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर से ट्राली पलट गई। जिससे ट्राली में सवार श्रद्धालुओं को गंभीर चोट आई। सूरज (16), राजेश यादव (32), महेश (25), विशाल (15), अनारा देवी (45), पंकज (25), विमला (18), शांति देवी (45), मालती (50) घायल हो गए। कुछ अन्य सवारों को मामूली चोट आई हैं। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मनोज त्रिपाठी ने सभी घायलों को सरकारी गाड़ी व एंबुलेंस से सीएचसी बहादुरपुर कलवारी भेजा। वहीं, कार सवार व चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया की करीब एक दर्जन घायल हुए है। कार सवार लोगों के पहचान का प्रयास किया जा रहा है।