जिला पंचायत जल्द देगी 72 कामगारों को रोजगार
- लोहिया कांपलेक्स में जल्द शुरू होगा 72 दुकानों का निर्माण
- जिला पंचायत के प्रस्ताव पर शासन ने दी वित्तीय स्वीकृति
- तकरीबन डेढ़ करोड़ की लागत से पीपीपी मॉडल पर होगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। दीवानी कचहरी स्थित विकास भवन से सटे लोहिया कांपलेक्स के प्रथम तल पर बहुत जल्द ही तकरीबन छह दर्जन दुकानों का निर्माण शुरू हो जाएगा। इन दुकानों के बन जाने से जिले के कुल 72 बेरोजगारों के लिए जीविका चलाने का रास्ता साफ हो जाएगा। शासन ने जिला पंचायत के भेजे प्रस्ताव को वित्तीय स्वीकृति दे दी है। अक्तूबर में इन दुकानों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
डॉ. राम मनोहर लोहिया कांपलेक्स के प्रथम तल पर दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव पंचायत चुनाव के पहले जिला पंचायत के बतौर प्रशासक तत्कालीन डीएम आशुतोष निरंजन व अपर मुख्य अधिकारी विकास मिश्र ने तैयार किया था। इसके तहत 72 दुकानों को पीपीपी मॉडल से तैयार करने के लिए आवेदन भी मांगे गए थे। इस पर कुल लागत एक करोड़ 47 लाख रुपये का इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा गया था। इधर पंचायत चुनाव के बाद शासन ने पहल करते हुए उस प्रस्ताव को वित्तीय संस्तुति प्रदान कर दी है। इससे इस बड़ी परियोजना के शुरू हो जाने का रास्ता साफ हो चुका है। इसके तहत कुल 72 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा और आवेदनकर्ताओं को आवंटित किया जाएगा। इन दुकानों के जरिए कुल 72 लोगों को रोजगार करने का अवसर प्राप्त होगा और जिला पंचायत को प्रतिमाह एक निश्चित रकम किराए के रूप में बतौर राजस्व की प्राप्ति होगी।
लोहिया कॉम्पलेक्स के प्रथम तल पर दुकानों के निर्माण के प्रस्ताव को शासन ने वित्तीय स्वीकृति दे दी है। सारी प्रक्रिया पूरी कर अक्टूबर में इनका निर्माण चालू करा दिया जाएगा।
- विकास मिश्र, अपर मुख्य अधिकारी, बस्ती