गेट खराब, 20 मिनट रुकी छपरा-मथुरा एक्सप्रेस
बभनान पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग समपार फाटक 222ए का हाल
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। क्षेत्र में स्थित रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 222ए में तकनीकी खराबी आ गई। इससे छपरा-मथुरा एक्सप्रेस को समपार फाटक संख्या 221 सी पर 20 मिनट तक खड़ा करना पड़ा। रेल कर्मियों ने गेट को ठीक से कर बंद किया। तब छपरा-मथुरा एक्सप्रेस को गन्तव्य की ओर रवाना किया जा सका।
बभनान पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग पर लगे समपार फाटक संख्या 222ए में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इससे गेट खुलने और बंद करने में समस्या आ गई। इसी बीच छपरा से चलकर मथुरा को जाने वाली छपरा-मथुरा एक्सप्रेस को रनथ्रू गुजरने के लिए गेटमैन को गेट बंद करने के लिए बभनान रेलवे स्टेशन से स्टेशन मास्टर ने नंबरों का आदान-प्रदान किया। गेटमैन ने बताया कि गेट में तकनीकी खराबी आ गई है, जिससे वह गेट बंद करने में असफल है। इसी बीच 10:35 बजे ट्रेन गेट संख्या 221 सी पर आकर खड़ी हो गई। काफी मशक्कत के बाद रेल कर्मियों ने गेट को ठीक किया। इस बीच ट्रेन को 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। 10:54 मिनट पर गाड़ी को सिग्नल दिया गया और गन्तव्य की ओर रवाना किया गया। वहीं, अप लाइन पर यातायात बाधित होने के कारण कोचीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस को गौर रेलवे स्टेशन पर खड़ा किया गया तो मालगाड़ी को गौर में ही आउट साइड खड़ा किया गया। स्टेशन अधीक्षक बभनान राघवेन्द्र चतुर्वेदी ने बताया कि 222 ए गेट में तकनीकी खराबी के कारण गेट बंद नहीं हो रहा था। ऐसे में छपरा-मथुरा एक्सप्रेस 20 मिनट रोकना पड़ा। वहीं, अपलाइन की अन्य गाड़ियों को गौर और आउट साइड खड़ा करना पड़ा।