जिला अस्पताल के ओपीडी में लगी भीड़।
- फोटो : BASTI
निमोनिया के 15, बुखार पीड़ित दस बच्चे भर्ती
बस्ती। मौसम की मार के चलते नौनिहालों पर आफत आ गई है। बारिश व धूप के मिले-जुले असर ने वातावरण में आद्रता को बढ़ा दी है। इससे वायरस तेजी से फैल रहे हैं। यह वायरस बच्चों को बीमार कर रहे हैं। बच्चे डायरिया, निमोनिया व बुखार की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में 45 बच्चे भर्ती मिले। इनमें 15 निमोनिया, 10 बुखार व 10 बच्चे डायरिया से पीड़ित हैं।
कोरोना के बाद अब वायरल बुखार ने पांव पसार लिया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इससे निपटने की पूरी तैयारी कर ली है, मगर बुखार पीडित बच्चों की लंबी लाइन सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में देखी जा सकती है।
जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सरफराज ने बताया कि इन दिनों मौसम का प्रभाव बच्चों पर पड़ रहा है। वायरल निमोनिया का सर्वाधिक प्रभाव एक साल से कम उम्र के बच्चों को चपेट में लेता है। इसका कारण मौसम है। सर्द व गर्म के चलते वह प्रभावित होते हैं। ऐसे में बच्चों को बचाकर रखें। हो सके तो कम से कम घर से निकलें, रात में कूलर आदि न चलाएं। घर के आसपास सफाई रखें, पानी एकत्रित न होने दें। एसआईसी डॉ. आलोक कुमार वर्मा ने कहा कि बच्चों की सभी दवाएं यहां मौजूद हैं। चिकित्सकों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे बुखार से पीड़ित बच्चों को तत्काल भर्ती कर उपचार करें।