बस्ती। यदि आप कहीं घूमने अथवा छुट्टी मनाने की योजना बना रहे हैं तो ट्रेन का भरोसा छोड़ दीजिए, क्योंकि सभी महत्वपूर्ण ट्रेनों में चार माह का आरक्षण फुल हो चुका है। ऐसे दिल्ली, मुंबई के अलावा हरिद्वार, देहरादून आदि जाने के लिए रेलवे में आरक्षण टिकट नहीं मिलेगा। हालांकि तत्काल में टिकट की उपलब्धता हो सकती है, मगर उसका भी ठिकाना नहीं है। ऐेसे में छुट्टी का मजा किरकिरा न हो इसके लिए अन्य संसाधनों का प्रयोग कर सकते हैं।
मौसम है, शादी-ब्याह का। इसके बाद बच्चों के स्कूल अवकाश के बाद हर किसी को नाते रिश्तेदारी निभाने अथवा गर्मी में घूमने के लिए दूर दराज आना जाना होता है। यदि आसपास शादी है तो कम दूरी की यात्रा संभव है, मगर दिल्ली, मुंबई अथवा अन्य दूर दराज यात्रा करनी है और ट्रेन से यात्रा का मंसूबा पाले हैं तो तय मानिए यह मंसूबा पूरा नहीं होगा। रेलवे के मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक दिनेश कुमार श्रीवास्तव की माने तो मुंबई के लिए जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस, एलटीटी सुपर फास्ट व बांद्रा एक्सप्रेस में चार माह तक का आरक्षण फुल है। केवल वेटिंग टिकट ही मिल पाएगा। इसके अलावा दिल्ली जाने वाली ट्रेन गोरखधाम एक्सप्रेस, वैशाली सुपर फास्ट, सत्याग्रह, आम्रपाली, शहीद एक्सप्रेस के अलावा समर स्पेशल ट्रेन गोरखपुर आनंद विहार, अवध आसाम, गोरखपुर देहरादून, कोचीन जैसी ट्रेनो में केवल तत्काल आरक्षण टिकट ही मिल सकता है। वैसे इन सभी ट्रेनों में केवल वेटिंग टिकट ही मिल सकता है, क्योंकि लोगों ने चार माह पूर्व से ही आरक्षण करा लिया है। कहते हैं कि अप ट्रेन में तो वेटिंग टिकट मिल भी रहा है। दूर दराज से आने वाले तमाम ट्रेनों में नो रुम है।