मंडल के तीनों जिलों के 1000 युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका
सेवायोजन कार्यालय परिसर में नौ को लगेगा रोजगार मेला
20 निजी कंपनियां करीब दर्जनभर पदों पर करेंगी सीधी भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के कटरा मूड़घाट स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में नौ अक्तूबर को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। जिसमें करीब 20 निजी कंपनियां दर्जनभर पदों पर एक हजार युवाओं का चुना करेंगी। सेवायोजन विभाग की बेवसाइट पर पंजीकृत अभ्यर्थी लॉगिन कर कंपनियों का विवरण देख सकते हैं।
युवाओं को उनके कौशल के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन, आईटीआई व कौशल विकास मिशन समन्वयक के संयुक्त प्रयास से कैंपस सलेक्शन का आयोजन होगा। यह रोजगार मेला मंडल स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। जिसमें बस्ती सहित संतकबीर नगर व सिद्धार्थनगर के युवा हिस्सा ले सकते हैं। सहायक निदेशक सेवायोजन मणि मोहन ओझा ने बताया कि कंपनियां सुपरवाइजर, सेल्स ट्रेनर, कंप्यूटर ऑपरेटर, एचआर एग्जीक्यूटिव, सॉफ्वेयर डेवेलपर, सिक्योरिटी गार्ड, टेलीकॉलर, मल्टी टॉस्किंग आदि पदों पर करीब 1000 युवाओं को नौकरी का मौका देने आ रही हैं। मेले में सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को प्राथमिकता पर मौका दिया जाएगा। प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए। समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्र, दो फोटो व बायोडाटा सहित अभ्यर्थी नौ अक्तूबर को सुबह 10 बजे से सेवायोजन कार्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।