फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार... बिजली को लेकर मचा हाहाकार

विज्ञापन
प्रदर्शन करते संविदा कर्मी। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

दूसरे दिन भी शहर से लेकर देहात तक दर्जनों जगह हुए फॉल्ट, मरम्मत न होने से परेशान रहे लोग

बरेली। संविदा बिजली कर्मियों के कार्य बहिष्कार से जिले में दूसरे दिन भी बिजली संकट जारी रहा। शहर से लेकर देहात तक तमाम जगह हुए फॉल्ट की समय पर मरम्मत न होने से बड़ी आबादी को बिजली संकट झेलना पड़ा। फाल्ट दूर कराने के लिए बिजली निगम के अधिकारी दिनभर जूझते रहे। कई जगह प्राइवेट लाइनमैन का सहारा भी लेना पड़ा।
विज्ञापन

हड़ताल के चलते करीब पचास हजार उपभोक्ताओं को बिजली कटौती झेलनी पड़ी। पूर्ण कार्य बहिष्कार के दूसरे दिन भी बिजली कर्मचारी दिन भर मुख्य अभियंता कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। मांगों के संबंध में दोपहर बाद मुख्य अभियंता ने कर्मचारियों को बातचीत के लिए कार्यालय बुलाया, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। लिहाजा कर्मचारियों ने आंदोलन खत्म करने से मना कर दिया। मुख्य अभियंता ने मैसर्स ओरियन सिक्योरिटी कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाकर संविदाकर्मियों की मांगों के संबंध में वार्ता की, लेकिन फिर भी कोई हल नहीं निकल सका। पूर्ण कार्य बहिष्कार की वजह से कर्मचारियों ने एक भी फॉल्ट की मरम्मत नहीं की।
बिजली निगम के अधिकारियों की मानें तो बुधवार को शहर से लेकर देहात तक दो दर्जन से अधिक जगह फॉल्ट हुए। कर्मचारी न होने की वजह से इनकी समय पर मरम्मत नहीं हो पाई। सबसे अधिक समस्या देहात क्षेत्रों में रही। फरीदपुर तहसील मुख्यालय के बिजली सबस्टेशनों से पोषित इलाकों में आठ से दस घंटे की बिजली कटौती हुई। बुखारा रोड पर ट्रांसफार्मर फुंकने से 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। यहां मोबाइल ट्रांसफार्मर भी नहीं लगाया गया। नवाबगंज, बहेड़ी समेत अन्य जगह भी यही हाल रहा। सबसे अधिक दिक्कतें ट्रांसफार्मरों के फुंकने से आई।

पानी के भी तरसे लोग

बुधवार को शहर में संजयनगर, राजेंद्रनगर के गुप्ता चौराहा, आईवीआरआई रोड, सुभाषनगर, किला, सिंधुनगर, कोहाड़ापीर, कुतुबखाना समेत कई जगह लोकल फॉल्ट हुए। संविदा कर्मचारी न होने से इनकी समय पर मरम्मत नहीं हो पाई। लिहाजा बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को पानी का संकट भी झेलना पड़ा। भीषण गर्मी से भी लोग बेहाल रहे। बिजली सबस्टेशन पर फोन करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

जुलाई का वेतन अब तक नहीं मिला

उप्र पॉवर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के नेताओं ने बताया नियमानुसार हर महीने पहले सप्ताह में वेतन देने का प्रावधान है, लेकिन कार्यदायी एजेंसी ने जुलाई का वेतन कर्मचारियों को अब तक नहीं दिया है। संविदा कर्मियों के ईपीएफ नंबर की केवाईसी भी नहीं कराई जाती है। बिना सुरक्षा उपकरण दिए अधिकारी काम कराते हैं। यही नहीं बिना कारण बताए कर्मचारियों को नौकरी से भी निकाल दिया जाता है। उन्होंने बताया जब तक अधिकारी वेतन नहीं दिलाते, आंदोलन जारी रहेगा।

कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी बिजली सबस्टेशनों पर तैनात स्थायी स्टाफ को फाल्ट की सूचना मिलने पर तत्काल उसकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। हड़ताल के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। - संजय जैन, मुख्य अभियंता

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें