कॉलेज में आवेदन का आज आखिरी दिन, सीट के सापेक्ष दोगुने हुए आवेदन
बरेली। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों ने निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की कवायद शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को बरेली कॉलेज में ऑनलाइन आवेदन करने का आखिरी दिन है। अब तक कॉलेज में उपलब्ध सीटों के सापेक्ष दोगुने से भी ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। लिहाजा, अबकी बार प्रवेश मेरिट से होगा। 23 अगस्त तक बरेली कॉलेज स्नातक की मेरिट जारी कर सकता है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश नियमावली जारी ना करने की वजह से बरेली कॉलेज ने प्रवेश की अंतिम तिथि 19 अगस्त निर्धारित की है। बुधवार की रात बारह बजे तक विद्यार्थी प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करते रहे। तिथि बढ़ेगी या नहीं, तय नहीं है। अब तक के कार्यक्रम के अनुसार प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद प्रत्येक विषय की मेरिट तैयार होगी। जानकारी के मुताबिक बीए, बीएससी, बीकॉम के अलावा स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमों में भी सीटों से अधिक आवेदन आ चुके हैं। बीए प्रथम वर्ष में दोगुने से भी ज्यादा आवेदन हो चुके हैं। जिससे मेरिट भी काफी ज्यादा होने की उम्मीद है।
दस हजार आवेदन होने की उम्मीद
प्रवेश समन्वयक डॉ. वीपी सिंह के मुताबिक, पिछले साल करीब आठ हजार आवेदन हुए थे। अबकी बार हुए आवेदनों की तादाद ने पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि इंटर के विद्यार्थियों के प्रोन्नत होने की वजह से काफी तादाद में अच्छे अंक मिले हैं। लिहाजा, इस साल प्रत्येक पाठ्यक्रम की मेरिट ज्यादा होने से तमाम विद्यार्थियों को प्रवेश से वंचित भी होना पड़ेगा। 31 अगस्त तक प्रवेश करने की तिथि निर्धारित है।
बरेली कॉलेज में अब तक हुए आवेदन
पाठ्यक्रम कुल सीट पंजीकरण
बीए 1840 4499
बीकॉम 1040 1395
बीएससी जीव विज्ञान 880 1476
बीएससी गणित 720 1300
स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रम में पंजीकरण
पाठ्यक्रम सीट पंजीकरण
बीबीए 220 442
बीसीए 140 385
बीकॉम ऑनर्स 160 405
बीलिब 40 34
नोट: फोटोग्राफी में 26 और फैशन डिजाइन में 27 आवेदन हुए हैं।