पति समेत गिरोह के तीन लोग पहले ही जा चुके हैं जेल
बरेली। कोतवाली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों पर जमानत कराने वाले गिरोह की सदस्य प्रेमनगर के मोहल्ला गुलाबनगर निवासी रेनू मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके पति अजय मिश्रा समेत तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं।
मार्च में कोतवाली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों से जमानत कराने के आरोप में गुलाबनगर के अजय मिश्रा उर्फ राजा बाबू उर्फ भड़भड़ को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उससे पूछताछ के बाद कोतवाली पुलिस ने पेशेवर जमानतदारों के गिरोह का भंडाफोड़ कर कैंट में चौबारी के आछू सिंह, नरेंद्र सिंह और धर्मेंद्र को भी गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कोर्ट की फर्जी मुहर और स्टांप पैड बरामद किए थे। कोतवाली में दर्ज कराए गए इस मुकदमे में रेनू मिश्रा अब तक फरार चल रही थी। मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।