बरेली। देवर की शादी रुकवाने की मांग लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंची विधवा ने रस्सी से अपना गला कसकर खुदकुशी की कोशिश की। आरोप लगाया कि देवर ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और अब दूसरी युवती से शादी कर रहा है। उसने पुलिस से आज शुक्रवार को होने वाली देवर की लगुन रुकवाने की मांग की।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एक विधवा अपनी पांच वर्षीय बेटी को लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंची और शिकायत प्रकोष्ठ के सामने खड़े होकर गले में फंदा कसने लगी। वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने फौरन ही उसे पकड़कर रस्सी छीन ली और एसएसपी के पास ले गईं। महिला ने रोते हुए बताया कि पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद देवर ने उससे शादी कर बेटी के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उठाने की बात कहकर शारीरिक संबंध बना लिए। डेढ़ साल तक देवर संबंध बनाता रहा लेकिन जब शादी की बात कही तो इनकार कर दिया और घर से निकाल दिया। उसने देवर के खिलाफ थाना इज्जतनगर में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करा दी, इसमें उसके बयान भी हो चुके हैं। मगर पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है।
विधवा ने आरोप लगाया कि अब देवर दूसरी जगह शादी कर रहा है। उसकी आज शुक्रवार शाम लगुन चढ़ने वाली है। उसने कहा कि देवर ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया तो अब उसे शादी भी करनी पड़ेगी। उसने पुलिस से देवर की शादी रुकवाने की मांग की है। इसके बाद एसएसपी ने मामले में कार्रवाई के लिए उसे पुलिस के साथ महिला थाने भेज दिया।