मारपीट के मामले में की थी शिकायत, दो सगे भाइयों और पिता पर रिपोर्ट
विज्ञापन
अस्पताल में जाकर भी धमकाने का आरोप, एसएसपी से की शिकायत
बरेली। मारपीट की शिकायत वापस न लेने से बौखलाए हजियापुर निवासी विजय ने अपने भाई अजय और पिता सियाराम के साथ पड़ोस में रहने वाले स्पेलर मैकेनिक पोथीराम पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से मारपीट कर चाकू से उनका पेट फाड़ डाला। आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर पोथीराम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पोथीराम की पत्नी बसंती ने बताया कि एक अगस्त को विजय, अजय और उनके पिता सियाराम ने देवर मदनलाल से मारपीट की थी। इसकी शिकायत पुलिस से की तो आरोपी रंजिश मानने लगे और शिकायत वापस लेने के लिए धमकाने लगे। पोथीराम ने पुलिस को इसकी सूचना भी दी लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी बीच दो अगस्त की रात आरोपियों ने उनके पति को घर के पास ही घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर चाकू से उनका पेट फाड़ डाला। परिजन ने फौरन ही पोथीराम को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया।
बसंती का कहना है कि उनके ससुर दुर्गा प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है लेकिन अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। इस वजह से आरोपी अस्पताल में भी पहुंच जाते हैं और धमकाते हैं। इसे लेकर बृहस्पतिवार को उन्होंने एसएसपी ऑफिस में भी शिकायत की। आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के चलते ही पोथीराम पर हमला हुआ है लेकिन अब भी पुलिस गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बारादरी पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं लेकिन अभी कोई आरोपी हाथ नहीं आया है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी