योग में गोल्ड मेडल जीतने वाले वीरम पाल अपने माता-पिता के साथ। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। कांट निवासी अमर सिंह व सदासुखी के बेटे वीरमपाल ने ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर भुजंगासन कर वर्ल्ड रिकार्ड बनाया है। इसके लिए उन्हें गोल्ड मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। मंगलवार को वीरमपाल कलक्ट्रेट में डीएम उमेश प्रताप सिंह से मिलने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि जीआईएसए की ओर से पांच दिसंबर को जूम एप पर ऑनलाइन योग प्रतियोगिता कराई गई थी। इसमें भारत, यूनाइटेड किंगडम, श्रीलंका, नेपाल, मलेशिया, वियतनाम, भूटान से कुल 175 लोगों ने प्रतिभाग किया। इन लोगों के बीच योग प्रतियोगिता में भुजंगासन कराया गया।
इसमें उन्होंने सबसे ज्यादा तीन मिनट तक भुजंगासन करके वर्ल्ड रिकार्ड बनाया। इसका सर्टिफिकेट व गोल्ड मेडल उन्हें प्राप्त हुआ है। वीरमपाल ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षक मिलिंद्र गौतम व माता-पिता के आशीर्वाद को दिया है। संवाद