बरेली। कोरोना टीकाकरण के लिए चल रहे अभियान में रविवार को स्लॉट बुकिंग के लिए लोग खासे उत्साहित रहे। सुबह दस बजे केंद्रों पर टीकाक रण की मौजूदगी का डाटा अपडेट होते ही करीब तीस मिनट में युवाओं ने स्लॉट बुक कर लिए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि केंद्रों पर 45 पार के लोगों का मौके पर भी पंजीकरण होगा। जिन्होंने स्लॉट बुक किए हैं, उन्हें प्राथमिकता मिलेगी।
नियमानुसार अब 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के लोगों को बगैर पंजीकरण वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी। पिछले दिनों नियमों की जानकारी न होने से केंद्रों पर हंगामे की स्थिति रही। लिहाजा, रविवार को स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू होते ही लोगों ने बगैर देरी किए स्लॉट बुक किए।
आज यहां लगेंगे टीकाकरण शिविर
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि सोमवार को रवि प्लाजा सुभाषनगर, गांधी नगर कैंप कार्यालय, ईंटों वाली धर्मशाला नया टोला आलमगिरी गंज, ईसीएचएस क्लिनिक बरेली, संकट मोचन मंदिर चाहबाई टेंट हाउस, आरटीओ ऑफिस, अब्बास मंजिल बाजार संदल किला, एयरफोर्स, आईवीआरआई में शिविर आयोजित होंगे।