नैनीताल रोड पर भोजीपुरा में हुआ हादसा, एंबुलेंस चालक भी घायल
प्रेम प्रसंग के चलते दोनों युवती को भगाकर ले जा रहे थे उत्तराखंड
भोजीपुरा। बरेली-नैनीताल हाईवे पर बेकाबू एंबुलेंस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार राहुल शर्मा और उसके दोस्त दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल की प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती और एंबुलेंस चालक मोहम्मद रियाज को पास के ही निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। राहुल के पिता ने बताया कि युवती के परिजन उसकी शादी करना चाहते थे, इसलिए वह उनके बेटे के साथ जा रही थी।
हादसा शनिवार सुबह करीब पांच बजे भोजीपुरा में एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के सामने हुआ। हादसे के शिकार दोनों युवक राहुल, दीपक और युवती एक ही बाइक पर नैनीताल की ओर जा रहे थे, तभी सामने से मरीज लेकर आई तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राहुल और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। युवती और एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। 22 वर्षीय राहुल शर्मा इज्जतनगर में चौधरी तालाब के रहने वाले थे, जबकि उनके दोस्त 23 वर्षीय दीपक मुरादाबाद में भैंसिया के निवासी थे। उनके साथ जा रही युवती इज्जतनगर क्षेत्र की ही रहने वाली है, उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एंबुलेंस चालक हल्द्वानी निवासी मोहम्मद रियाज को भी वहीं भर्ती कराया गया है। राहुल और दीपक की मौत की सूचना पर दोनों के परिजन भी भोजीपुरा पहुंच गए।
घरवाले करना चाहते थे शादी इसलिए युवती को भगा ले गया
पोस्टमार्टम हाउस पर राहुल के पिता अरविंद शर्मा ने बताया कि दो बेटों में राहुल बड़ा था और रुद्रपुर की एक कंपनी में नौकरी करता था। बताया कि युवती भी इज्जतनगर क्षेत्र की रहने वाली है। उसके राहुल से प्रेम संबंध थे। साल भर पहले युवती का परिवार दिल्ली चला गया था लेकिन ढाई-तीन महीने पहले वे लोग फिर वापस आ गए। अब वे लोग युवती की शादी की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यही वजह रही कि रात में किसी वक्त राहुल यहां आकर युवती को अपने साथ ले गया था। अरविंद के मुताबिक, उन्हें राहुल के युवती को ले जाने की पहले से आशंका थी इसलिए उन्होंने शुक्रवार को राहुल को फोन किया लेकिन उसने खुद को रुद्रपुर में बताया।
छह साल से था लापता, मिला भी तो मरने के बाद
पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे दीपक के पिता सोमपाल ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। कहा, तीन बेटों में दीपक सबसे बड़ा था। मगर छह साल पहले डांट देने पर वह घर छोड़कर चला गया था। उन लोगों ने उसे काफी तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चला। निराश होकर उसके मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी। अब मिला भी है तो मौत के बाद। बताया कि दीपक की मौत की खबर से उसके लौटने का इंतजार देख रहीं मां राजवती की हालत खराब हो गई है।
पुलिस को शिकायत का इंतजार
भोजीपुरा पुलिस का कहना है कि युवती, हादसे में मरने वाले एक युवक की गर्लफ्रेंड है। दोनों युवक उसे अपने साथ लेकर जा रहे थे। मगर अब तक इस मामले में किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।