बरेली। खालसा इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे जेबीएसएम इंटर कॉलेज महलऊ के छात्र बिथरी के गांव परसौना निवासी मुशर्रफ खान को उम्र में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। केंद्र व्यवस्थापक कंवलजीत सिंह की तहरीर पर उसके खिलाफ थाना सुभाषनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
केंद्र व्यवस्थापक ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की गणित की परीक्षा थी। इस दौरान कक्ष संख्या चार में परीक्षा दे रहे मुशर्रफ खान की आयु ज्यादा देखकर प्रवेशपत्र और आधार कार्ड से उसकी आयु का मिलान कराया गया। सामने आया कि प्रवेश पत्र पर उसकी जन्मतिथि 25 मार्च 1999 और आधार कार्ड पर एक जनवरी 1985 अंकित है। इसे फर्जीवाड़े पर उन्होंने छात्र को पकड़ लिया और सुभाषनगर पुलिस के हवाले कर दिया। उनकी तहरीर पर आरोपी मुशर्रफ खान के खिलाफ धोखाधड़ी कर दस्तावेजों में हेरोफरी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने छात्र को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पांच पेपर देने के बाद अंतिम पेपर में पकड़ा गया
इस मामले में परीक्षा केंद्र स्टाफ की लापरवाही भी सामने आई। मुशर्रफ की परीक्षा 24 मार्च को शुरू हुई थी और मंगलवार को अंतिम पेपर में वह पकड़ा गया। इससे पहले 24 मार्च को उसने हिंदी, 28 मार्च को कला, चार अप्रैल को विज्ञान, छह अप्रैल को अंग्रेजी, नौ अप्रैल को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा दी लेकिन कोई उसे नहीं पकड़ सका। बताया जाता है कि हाईस्कूल में परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं की अधिकतम आयु 16 वर्ष होती है लेकिन मुशर्रफ की आयु 37 वर्ष होने पर भी किसी को शक नहीं हुआ।
बोर्ड परीक्षा में लगातार सामने आ रही धांधली, अब तक कई हुए गिरफ्तार
बोर्ड परीक्षा में लगातार धांधली के मामले सामने आ रहे हैं। नौ अप्रैल को नवाबगंज के सरदार बल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में डीआईओएस मुकेश कुमार ने पोप सिंह, सत्यपाल और यशपाल को पकड़ा था। तीनों पीलीभीत में थाना जहानाबाद के गांव वीरापुर के रहने वाले थे और जन्मतिथि में हेराफेरी करके परीक्षा दे रहे थे। चार अप्रैल को भुता खजुरिया संपत स्थित रामबख्श गोमती इंटर कॉलेज में विज्ञान की परीक्षा दे रहे एक सॉल्वर को गिरफ्तार किया था। यहां से दो सॉल्वर मौके से भाग निकले थे। इसके बाद अलीगंज थाना क्षेत्र के प्रताप किसान आदर्श इंटर कॉलेज में एक सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया था।