खबर है कि निर्माणाधीन ब्रॉड गेज का कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा और लखीमपुर से लखनऊ के बीच ट्रेनें सुचारू रूप से चलने लगेंगी। इसी कड़ी में सीतापुर से लखीमपुर के बीच सोमवार को रेलवे ट्रैक का ट्रायल भी शुरू हो गया।
100 किलोमीटर की रफ्तार से रेल इंजन सीतापुर से लखीमपुर पहुंचा। माना जा रहा है कि अब अगला ट्रायल रेल संरक्षा आयुक्त करेंगे। उसके बाद लखीमपुर से सीतापुर तक ट्रेन चलने का रास्ता साफ हो जाएगा। मालूम हो कि कुछ परिवर्तन के बाद लखनऊ से सीतापुर के बीच रेल संचालन शुरू हो चुका है, अब इसे लखीमपुर तक बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है।
कार्यदाई संस्था ने रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर ट्रायल कार्य पूर्ण कर लिया है। इसकी रिपोर्ट रेलवे को भी दी जाएगी, जिसके बाद रेल संरक्षा आयुक्त ट्रैक की गुणवत्ता जांचेंगे। इसके बाद ही ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा।
-आलोक श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी, लखनऊ मंडल रेलवे