भोजीपुरा। ब्लाॅक क्षेत्र भोजीपुरा की गांवों और कस्बों को जोड़ने वाली तीन सड़कें बदहाल हो गई हैं। इन पर गड्ढों की वजह से गाड़ियों का निकलना तो दूर लोगों का चलना तक दूभर हो गया है। जिम्मेदार इससे अंंजान बने हुए हैं। ये गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं।
पहली सड़क अभयपुर रेलवे क्राॅसिंग से रिठौरा जाने वाले मार्ग पर है, जो करीब छह किमी. लंबी है। यह सड़क पूरी तरह से उधड़ गई है। सड़क में गहरे-गहरे गड्ढे बन गए हैं।
छह किमी. के इस सड़क पर चलने के लिए यात्रियों को सावधानी बरतनी पड़ती है। ई-रिक्शा पर यात्रा करने वालों को हर समय पलटने का खतरा बना रहता है। इस सड़क पर न तो लोक निर्माण विभाग ने सुध ली और न ही जनप्रतिनिधियों ने। अभयपुर रेलवे क्राॅसिंग से नगर पंचायत रिठौरा तक सड़क के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही है। क्योंकि इस रोड पर छोटे से बड़े वाहन चलते रहते हैं।
दूसरी सड़क अटामांडा रेलवे क्राॅसिंग से हंसा गांव तक जाती है। इस सड़क की करीब ढाई किलोमीटर की दूरी है। यह सड़क भी गड्ढों के बीच लुप्त हो गई है। इस सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। आम यात्रियों का चलना दूभर हो रहा है। सड़क के पुनर्निर्माण की अत्यंत आवश्यकता महसूस की जा रही है। संवाद