बरेली। रविवार शाम से शुरू हुई बारिश ने सोमवार को शहर का हुलिया ही बिगाड़ दिया। मूसलाधार बारिश से शहर के तमाम इलाकों में पानी भर गया। कई सड़कों पर तो इस कदर पानी था कि कम ग्राउंड स्पेस वाले वाहन बंद हो गए। उनके साइलेंसरों में पानी भर गया। बारिश के दौरान नेकपुर गन्ना मिल से करगैना तक बदायूं रोड पर करीब तीन घंटे जाम लगा रहा। शहर के पॉश इलाकों भी जलभराव की स्थिति रही। लगातार बारिश के चलते पानी की निकासी भी नहीं हो सकी।
सिटी स्टेशन रोड की एक लेन पर करीब दो फुट तक पानी भर गया। यहां एक ही लेन से ट्रैफिक गुजरता रहा। नगर निगम परिसर में भी पानी भर गया। झमाझम बारिश से शहर के पाश इलाके सिविल लाइंस, रामपुर गार्डन, डीडीपुरम, राजेंद्रनगर, एकतानगर आदि में पानी भर गया। इसके अलावा निचले मोहल्लों में संजयनगर, हजियापुर, एजाजनगर गौंटिया, लोधी टोला, नेकपुर, मढ़ीनाथ, बंशी नगला, शांति विहार आदि में भारी जलभराव हुआ। गांधी उद्यान के सामने, सुभाषनगर पुलिया और चौकी चौराहा से कॉलेज रोड पर काफ ी जलभराव रहा। बारिश के दौरान यहां से वाहन नहीं निकल सके।