नवाबगंज। मिट्टी खनन के बदले रुपये न देने पर एक किसान ने तहसीलदार पर अपने आवास बुलाकर डंडों से पीटने का आरोप लगाया है। आरोप है कि तहसीलदार 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। पीड़ित किसान का दावा है कि उसने डीएम को फोन कर सूचना देने के साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की है।
कस्बे के मोहल्ला याकूबपुर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपना एक खेत समतल करने के लिए दूसरे खेत से मिट्टी उठाकर डालने की अनुमति ली थी। आरोप है कि शुक्रवार को तहसीलदार खेत का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि अनुमति से ज्यादा मिट्टी का उठान किया गया है। इसके लिए जुर्माना भरना होगा। कार्रवाई की धमकी देते हुए तहसीलदार चले गए। बाद में उन्होेंने एक कर्मचारी से कॉल करवाकर उनको अपने आवास बुलाया। यहां उन्होंने 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इन्कार करने पर तहसीलदार ने अपने आवास पर तैनात एक होमगार्ड के हाथ से डंडा छीनकर उसे पीट दिया। शोर-शराबा होने पर भीड़ जमा हुई तो तहसीलदार अंदर चले गए।
किसान मेरे आवास के बाहर शराब पीकर शोर-शराबा कर रहा था। उस समय मैं पूजा कर रहा था। किसान को वहां से डांटकर भगाया था। हाल में मैंने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। इससे बौखलाकर लोग मुझ पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। रुपये मांगने और पिटाई करने संबंधी सभी आरोप निराधार हैं। - दुष्यंत प्रताप सिंह, तहसीलदार नवाबगंज