बरेली। फरीदपुर के गांव बेहरा के चर्चित स्मैक तस्कर तैमूर उर्फ भोला को पुलिस सात दिन के रिमांड पर दिल्ली से बरेली लाकर पूछताछ करेगी। पुलिस ने उसका बी वारंट जारी कराने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस उसकी संपत्ति की जानकारी भी खंगाल रही है।
पिछले दिनों पुलिस ने पढ़ेरा के प्रधान शहीद खान उर्फ छोटे को स्मैक तस्करी में गिरफ्तार करने के बाद कार्रवाई तेज कर दी है। इसी बीच फरीदपुर के गांव बेहरा निवासी स्मैत तस्कर तैमूर उर्फ भोला ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की नारकोटिक्स सेल के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। भोला पर यहां स्मैक तस्करी के अलावा गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है और उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। मगर लंबे समय से फरार होने के चलते उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। वहीं दिल्ली पुलिस ने भी उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। दिल्ली में भोला के खिलाफ 19 मुकदमे दर्ज हैं। अभी वह बरेली में दर्ज मुकदमों में वांछित चल रहा है, जिसके चलते पुलिस ने उसे बी वारंट पर सात दिन के रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
तैमूर उर्फ भोला का बी वारंट लेकर उसे रिमांड पर बरेली लाकर पूछताछ की जाएगी। बरेली समेत अन्य शहरों में उसकी संपत्ति की जानकारी भी कराई जा रही है।
- राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात