फरीदपुर। क्षेत्र के ग्राम घारपुर में बहन की शादी वाली रात को हादसे में उसके दस साल के भाई की मौत हो गई। हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरा परिवार बेहाल है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा है।
बुधवार को थाना क्षेत्र के ग्राम घारपुर निवासी स्वर्गीय रामनाथ की पुत्री की शादी थी। रामनाथ का दस साल का पुत्र अनिकेत रात आठ बजे नहर की पुलिया के पास पीपल के पेड़ के निकट खड़ा था। इसी दौरान फरीदपुर की तरफ से आई बाइक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक पर दो युवक सवार थे। हादसे में अनिकेत गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
परिजनों को सूचना मिली तो वह भी पहुंच गए और उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना 112 पुलिस को फोन कर दी। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।