लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर जाम की समस्या और बढ़ने की आशंका
बरेली/शाहजहांपुर। हुलासनगरा क्रॉसिंग पर सड़क का निर्माण एक बार फिर रुक गया है। इससे जाम की समस्या के और विकराल होने की आशंका है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से नामित कार्यदायी संस्था आरसीएल कंपनी ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर बरेली की ओर प्रस्तावित ओवरब्रिज की दक्षिण दिशा में करीब पांच सौ मीटर लंबी सड़क बनाने के बाद आगे का काम रोक दिया है।
ओवरब्रिज के लिए नौ वर्ष पहले मंगाए गए गार्डर रेलवे के अभियंताओं ने पिछले दिनों गुणवत्ता जांच में फेल कर दिए थे। इस वजह से ओवरब्रिज का काम अधर में अटका तो हाईवे के यातायात को क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम से बचाने के लिए शाहजहांपुर के डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जब तक ओवरब्रिज बनकर चालू नहीं होता, क्रॉसिंग पर हाईवे का यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए वहां प्रस्तावित पुल के दोनों ओर जर्जर सर्विस रोड ठीक कराएं।
आरसीएल कंपनी ने गत सप्ताह यह काम शुरू कराया और बारिश की बाधा का सामना करते हुए क्रॉसिंग से ओवरब्रिज के दक्षिण में वहां तक सिंगल लेन की सर्विस लेन बनाकर तैयार कर दी, जहां से पुल के लिए एप्रोच रोड बनाई जानी है। इससे क्रॉसिंग पर बरेली दिशा की ओर जाने वाले वाहनों की राह आसान हो गई, लेकिन उत्तर दिशा की पांच सौ मीटर सर्विस रोड बनाने का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है, जबकि लखनऊ दिशा के लिए सारा यातायात खस्ताहाल हो चुकी इसी सर्विस रोड से गुजरता है।
कार्यदायी संस्था आरसीएल कंपनी के साइट इंजीनियर राहुल सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी को हुलासनगरा क्रॉसिंग से ओवरब्रिज की शुरुआत तक सड़क निर्माण का मिला कार्य पूरा कर लिया गया है। बताया कि इसी रोड के समानांतर पुल की उत्तर दिशा में सर्विस रोड का निर्माण दूसरी कार्यदाई संस्था पीआरएल कंपनी को कराना है और यह काम भी जल्द होने की उम्मीद है।