मकान को लेकर चल रहा है विवाद, देर रात तक थाने में चली पंचायत
विज्ञापन
दोनों पक्षों ने थाना बारादरी में दी तहरीर, एसएसपी तक पहुंचा मामला
बरेली। रिटायर्ड कर्नल ने दुष्कर्म पीड़ित युवती का सामान निकालकर घर से बाहर फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई और देर रात उनके बीच समझौते की कोशिश होती रही। दोनों ने ही एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
बारादरी क्षेत्र की कॉलोनी में रहने वाली युवती ने छह महीने पहले रिटायर्ड कर्नल पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। युवती का आरोप था कि रिटायर्ड कर्नल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। साथ में मिलकर मकान बनवाया, जिसमें उसने बीस लाख रुपये लगाए। फिर कर्नल ने शादी से इनकार कर दिया और उसे मकान से निकालने की कोशिश करने लगा। मगर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करा दी तो कर्नल ने हाईकोर्ट से अरेस्ट स्टे लिया। शुक्रवार शाम कर्नल अपने परिवार वालों के साथ घर पहुंचे और उनका सामान निकालकर सड़क पर फेंक दिया। वहीं, कर्नल का कहना था कि उन्होंने युवती को मकान रहने के लिए दिया था। जब उन्होंने मकान खाली कराने की कोशिश की तो उन पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। अब अगर मुकदमा दर्ज कराया तो उनका मकान खाली किया जाए। वह मकान खाली कराने के लिए अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वहां पहुंचे थे। उन्होंने युवती को घर से निकल जाने के लिए कहा और उसका कुछ सामान घर से बाहर कर दिया। इसी बता पर महिला से उनकी कहासुनी और मारपीट हो गई। तभी युवती ने मामले की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी।
एसएसपी तक पहुंची शिकायत
पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची तो काफी लोग वहां जमा हो गए। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। इसी बीच कर्नल ने एसएसपी को मेसेज कर दिया। फिर सीओ तृतीय साद मियां खान भी थाने पहुंच गए। उनकी और इंस्पेक्टर बारादरी नीरज मलिक की मौजूदगी में दोनों पक्ष देर रात तक समझौते की कोशिश करते रहे। मगर कुछ तय नहीं हो सका। फिलहाल दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दे दी हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि अगर उनमें सहमति नहीं बनी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।