फरीदपुर (बरेली)। झांसी निवासी युवक को बिजली के खंभे से बांधकर पीटने के मामले में ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए कुल 10 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रेमिका के पिता व भाई को पुलिस ने जेल भी भेज दिया है।
क्षेत्र के एक गांव में चार दिन पहले गोलगप्पे बेचने वाला युवक आधी रात को दूसरे समुदाय की प्रेमिका से मिलने पहुंचा तो ग्राम प्रधान की मौजूदगी में लड़की के परिजनों व ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इन लोगों ने खंभे से बांधकर उसे डंडों व लोहे की रॉड से जमकर पीटा। सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित युवक की तलाश की तो पता लगा कि वह झांसी लौट गया है।
मंगलवार को फरीदपुर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल बबलू कुमार ने गांव के प्रधान, लड़की के पिता और भाई समेत 10 लोगों पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया। फरीदपुर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपी भाग गए हैं। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। संवाद
मामला दबाकर बैठ गए थे थानेदार
बताते हैं कि मामला थाना प्रभारी के संज्ञान में आया पर उन्होंने इसका संज्ञान नहीं लिया। ग्रामीणों के अनुसार उस वक्त घटना की जानकारी होने पर कुछ पुलिसकर्मी गांव पहुंचे थे और प्राथमिक जांच भी की लेकिन किसी वजह से मामला शांत हो गया। तीन दिन बाद वीडियो वायरल होने के बाद प्रकरण अधिकारियों के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू की।