रेल अधिकारियों ने अब मार्च तक काम पूरा होने का किया दावा
दो जनवरी को खत्म हो रही डायवर्जन की अवधि फिर बढ़ानी होगी
बरेली। लाल फाटक पर रूट डायवर्जन एक महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है। अभी तक रेलवे का काम पूरा नहीं हो सका है। मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारियों ने पत्र लिखकर डायवर्जन की तारीख बढ़ाने के लिए कहा था। खास बात यह है कि रेल अधिकारियों ने मार्च तक काम पूरा होने की बात कही है। ऐसे में दो जनवरी के बाद यातायात पुलिस को एक बार फिर डायवर्जन की तिथि बढ़ानी होगी।
लालफाटक पर दो सितंबर से रूट डायवर्जन लागू है। डायवर्जन तीन माह के लिए किया गया था, लेकिन रेलवे का काम तय समय में पूरा नहीं हो सका। अब रेलवे ने मार्च तक लालफाटक पर काम खत्म करने की बात कही है। इसी कारण रेल अधिकारियों ने वहां डायवर्जन और बढ़ाने के लिए कहा। एसपी ट्रैफिक आरएम सिंह का कहना है कि एक माह के लिए डायवर्जन और बढ़ा दिया गया है। अब दो जनवरी, 2022 तक डायवर्जन रहेगा। चूंकि मार्च तक काम चलना है, ऐसे में यह भी तय है कि जनवरी में फिर डायवर्जन की तिथि बढ़ानी पड़ेगी। इस संबंध में टनकपुर, हल्द्वानी, रुद्रपुर, पीलीभीत, बदायूं, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ डिपो के आरएम को रूट डायवर्जन बढ़ाने की जानकारी पत्र भेजकर दे दी गई है।
इस रास्ते से होकर गुजरेंगी बसें और ट्रक
- बरेली से बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर से बुखारा मोड होकर जाएंगे। बदायूं से आने वाले भारी वाहन बुखारा मोड़ होते हुए हाईवे तक जाएंगे।
- लखनऊ, शाहजहांपुर से बदायूं, आंवला की ओर जाने वाले भारी वाहन शाहजहांपुर से तिलहर, बेलाडांडी, दातागंज होते हुए जाएंगे।
- चनेहटी स्टेशन तक सभी वाहन पहले की तरह ही आते जाते रहेंगे।
कार, बाइक और टेंपो के लिए यह रहेगी व्यवस्था
- बदायूं आने-जाने वाले चार, तीन और दो पहिया वाहन रामगंगा तिराहे से होते हुए चौपुला की तरफ जाएंगे।
- लखनऊ, शाहजहांपुर से बदायूं, आंवला की ओर जाने वाले वाहन तिलहर, बेलाडांडी, दातागंज होते हुए जाएंगे।