धर्मेंद्र कश्यप ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को लिखा पत्र, कहा- दिसंबर तक पूरा कराएं काम
बरेली। रक्षा विभाग की एनओसी मिलने के बाद भी लाल फाटक ओवरब्रिज के निर्माण गति नहीं पकड़ पा रहा है। रेलवे ने फाउंडेशन का काम करने के बाद फिर पल्ला झाड़ लिया है। आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने इस पर नाराजगी जताते हुए रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि ओवरब्रिज न बनने से लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं लिहाजा पुल का निर्माण हर हालत में दिसंबर तक पूरा कराया जाए।
सांसद ने पत्र में कहा है कि लाल फाटक रेलवे क्रॉसिंग पर फोरलेन ओवरब्रिज का निर्माण काफी समय से अधूरा पड़ा है। कुछ महीनों पहले उसे रक्षा विभाग भी एनओसी दे चुका है। सेतु निगम का काम तेजी से चल रहा है लेकिन रेलवे ने अब तक पुल के लिए पिलर तक तैयार नहीं किए हैं। सांसद के मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप ने बताया कि सांसद के पत्र में जिक्र है कि रेलवे ने फाउंडेशन बनाने के बाद पुल का निर्माण रोक दिया है जिसकी वजह से आसपास धूल के गुबार उड़ने से वायु प्रदूषण फैल रहा है। रेलवे को अपना काम दिसंबर तक पूरा करना है लेकिन उसने सिर्फ 20 प्रतिशत काम ही किया है। बता दें कि इस संबंध में डीएम नितीश कुमार ने भी कुछ दिन पहले रेलवे महाप्रबंधक को पत्र भेजकर निर्माण में ढिलाई पर नाराजगी जताई थी।