सभी आरोपियों की संपत्तियों की हो रही जांच: वीसी
बीडीए वीसी मनिकंडन ए ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों की संपत्तियों की जांच की जा रही है। आरोपियों के रिश्तेदारों और परिचितों का ब्योरा भी तैयार किया जा रहा है। जिनके भी निर्माण मानक के विपरीत पाए जाएंगे, उन पर निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी, लेकिन वह सिर्फ विभाग के अभियान के तहत होगी। उसका घटना से कोई लेना-देना नहीं होगा।
सलाखों के पीछे पहुंचा राना
गोलीकांड का मुख्य आरोपी राजीव राना अपने दो बेटों, दो भाइयों व चालक सहित शुक्रवार को सलाखों के पीछे पहुंच गया। राना ने बुलडोजर कार्रवाई के दौरान बृहस्पतिवार को आत्मसमर्पण कर दिया था। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने रात में ही उसके दो बेटों, दो भाइयों और चालक समेत छह को गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को सभी जेल भेज दिए गए। इस मामले में अब तक 25 लोग जेल जा चुके हैं। दूसरे पक्ष का आदित्य उपाध्याय व उसका बेटा अविरल पहले से जेल में हैं।
राना को रिमांड पर लेने की तैयारी
जेल भेजे जाने से पहले आरोपी राजीव राना से पूछताछ की गई थी। वह एक ही बात कहता रहा कि प्लॉट उसका है। उसके पास दस्तावेज भी हैं। लेकिन जिन बदमाशों के दम पर राना प्लॉट पर कब्जा लेना चाहता था, उनके पास असलहा और कारतूस कहां से आए? वारदात के बाद असलहे कहां छिपाए गए? राना के नाटकीय ढंग से सरेंडर करने के पीछे कौन हैं, इन सब सवालों के जवाब पुलिस को नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस पूछताछ करने के लिए राना को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।