पिछले दिनों घोषित कार्यक्रम के बाद जारी हुई परीक्षा केंद्रों की सूची
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से कराई जाने वाली व्यावसायिक पाठ्यक्रम (वार्षिक/सम सेमेस्टर) की मुख्य परीक्षा के लिए केंद्रों की संशोधित सूची जारी कर दी गई है।
सूची के अनुसार व्यावसायिक परीक्षा में 268 कॉलेज के 41936 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बरेली कॉलेज में 16 अलग-अलग महाविद्यालयों के 4754 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। दूसरे स्थान पर बिजनौर का एमडी कॉलेज ऑफ हायर एजूकेशन है। यहां सात महाविद्यालयों से 25 सौ विद्यार्थी शामिल होंगे। तीसरे स्थान पर संभल के एमएस कॉलेज में 1587 छात्र छात्राएं परीक्षा देंगे। अन्य सभी परीक्षा केंद्र पर न्यूनतम तीन सौ और अधिकतम 14 सौ परीक्षार्थियों के लिए केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड और अधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट कर दी गई है। परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य, केंद्राध्यक्ष और संबंधित परीक्षा केंद्र के प्रभारी को सूची प्रेषित कर दी है। किसी तरह की समस्या पर कार्यालय में संपर्क करने को कहा है।
एलएलबी त्रिवर्षीय परीक्षाएं कल से
परीक्षा नियंत्रक ने शनिवार को एलएलबी त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम के द्वितीय, चतुर्थ और छठे सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 22 सितंबर से परीक्षाएं शुरू होंगी जो चार अक्तूबर तक चलेंगी। समय दोपहर 12 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक निर्धारित है। उन्होंने बताया कि मुख्य परीक्षा के साथ ही बैक पेपर और इंप्रूवमेंट परीक्षा का भी आयोजन किया जाएगा।
बीए तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी
सोमवार को विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक ने बीए तृतीय वर्ष की का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। उन्होंने परीक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपना अनुक्रमांक समेत आदि जानकारियां दर्ज कर परिणाम देखने का सुझाव दिया है।