बरेली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और स्कूलों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सीबीएसई ने खेल सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 जून तो कर दी है, लेकिन 30 मई से ही खेल पोर्टल ठप पड़ा है। इस वजह से खिलाड़ी परेशान हैं। स्कूल भी अपने खिलाड़ियों का विवरण और आवेदन ऑनलाइन दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। 16 जून तक आवेदन नहीं हो पाया तो 17 से विलंब शुल्क देना पड़ेगा।
नियमानुसार 17 व 18 जून को 500 रुपये प्रति छात्र और 19 व 20 जून को 1000 रुपये प्रति छात्र की दर से विलंब शुल्क देना होगा। खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों का कहना है कि जब लापरवाही बोर्ड की तरफ से है तो छात्रों से विलंब शुल्क क्यों वसूला जाए? खेल प्रेमियों और विभिन्न संगठनों ने बोर्ड से मांग की है कि आवेदन की समय सीमा को और आगे बढ़ाया जाए। पोर्टल ठीक होने के बाद ही दिन गिने जाएं, ताकि किसी भी होनहार खिलाड़ी को बेवजह आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े और वे प्रतियोगिता से वंचित न रहें।
सीबीएसई की सिटी समन्वयक ममता सक्सेना ने बताया कि कई खिलाड़ियों ने पहले ही आवेदन कर दिए हैं। अब दूसरा राउंड एक दो दिन में शुरू होगा। हो सकता है कि किसी कारण साइट न चल रही हो, लेकिन विद्यार्थियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। वे दूसरे राउंड में आवेदन कर सकते हैं।