फेसबुक मेसेंजर पर हुई थी वीडियो कॉलिंग और अश्लील चैट
बरेली। विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे कांग्रेस के एक नेता का अश्लील वीडियो और चैटिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने इससे पल्ला झाड़ लिया है। कहा, आरोपी व्यक्ति कांग्रेस का पदाधिकारी नहीं हैं।
वायरल वीडियो में कांग्रेस नेता फेसबुक मेसेंजर पर किसी युवती से अश्लील वीडियो कॉलिंग कर रहा है। मेसेंजर पर दोनों के बीच काफी देर तक अश्लील चैटिंग भी हुई और यह सब स्क्रीन रिकार्डिंग करके सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। शनिवार को इससे जुड़े चार वीडियो वायरल होने के बाद से कांग्रेसियों में खलबली मची हुई है। फेसबुक पर खुद को वरिष्ठ समाजसेवी और डॉक्टर बताने वाले कांग्रेस नेता इसे विरोधियों की साजिश बता रहे हैं।
‘मैं विधानसभा टिकट का दावेदार, यह जिलाध्यक्ष की साजिश’
कांग्रेस नेता का वीडियो वायरल होने के बाद जिलाध्यक्ष ने कहा है कि आरोपी का कांग्रेस से कोई लेना देना नहीं है। मगर आरोपी कांग्रेस नेता का कहना है कि वह भोजीपुरा विधानसभा से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं और कांग्रेस विचार मंच के प्रदेश सचिव हैं। उनकी छवि खराब करने के लिए एडिट करके वीडियो वायरल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक लड़की से फेसबुक पर उनकी चैट जरूर हुई थी लेकिन वह निजी थी और उसमें अश्लीलता नहीं है। आरोप लगाया कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। वह दो-तीन बार उन्हें पार्टी से निकलवाने की कोशिश भी कर चुके हैं।
वायरल वीडियो में जिसे कांग्रेस नेता बताया जा रहा है, वह किसी भी कांग्रेस की किसी भी कमेटी का पदाधिकारी नहीं हैं। उसने कांग्रेस से किसी भी विधानसभा के लिए टिकट का आवेदन भी नहीं किया है। कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ प्रोफाइल फोटो तो कोई भी लगा सकता है। - मिर्जा अशफाक सकलैनी, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस