डेढ़ साल पहले की थी ढाई लाख की ठगी, एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट
बरेली। चाहबाई के मोहल्ला गुद्दड़ बाग में रहने वाली नेहा से रेलवे में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर ढाई लाख रुपये ठगने के आरोपी भोजीपुरा के गांव जाधवपुर निवासी मोहम्मद आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पिछले दिनों नेहा ने आरिफ के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ साल पहले जिला अस्पताल में कार्यरत उनके परिचित ने आरिफ से मुलाकात कराई। आरिफ ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर उन्हें रेलवे में क्लर्क की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। फिर आरोपी ने इंटरव्यू के नाम पर उन्हें दिल्ली और लखनऊ बुलाकर ढाई लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद आरिफ ने बानखाना का अपना कमरा भी छोड़ दिया और भोजीपुरा के गांव जाधवपुर में रहने लगा। उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने मामले की जांच के आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।