माफिया मुख्तार अंसारी की मौत के बाद बरेली जिले में भी अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी। शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर भी पुलिस अलर्ट पर रही। जुमे की नमाज के दौरान पुराना शहर खासतौर पर किला इलाके में पुलिस अलर्ट रही। मस्जिदों के बाहर पुलिस बल मौजूद रहा। संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च हुआ। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
बृहस्पतिवार सुबह ही उत्तराखंड स्थित नानकमत्ता गुरुद्वारे के सेवादार बाबा तरसेम सिंह की हत्या की सूचना शहर के लोगों को मिली। जिले के खासकर बहेड़ी क्षेत्र के लोगों का बाबा तरसेम सिंह से गहरा जुड़ाव था। लगभग सभी धर्म के लोग वहां जाते हैं। इस वजह से लोगों को धक्का लगा। बाबा के हत्यारोपियों की तलाश में उत्तराखंड पुलिस जिले के आसपास के इलाकों में दबिश दे रही हैं।
इधर, रात में माफिया मुख्तार अंसारी की मौत की खबर के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। आईजी डॉ. राकेश सिंह व एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि जिले में अलर्ट घोषित कर पुलिस को चौकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है। माहौल शांतिपूर्ण है। केवल सतर्कता के लिहाज से फोर्स का मूवमेंट बढ़ाया है। सोशल मीडिया सेल को भी निगरानी का निर्देश दिया गया है।