बदायूं में एक वृद्ध महिला की लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले घर की लाइट काटी और उसके बाद घर में प्रवेश हुए। जहां जेवर लूटने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस छानबीन में जुटी है।
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव महोरा में मंगलवार रात 65 वर्षीय शांति देवी पत्नी नत्थू लाल की लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई। सुबह महिला घर से बाहर नहीं आई तो पड़ोसी महिलाओं ने जाकर अंदर देखा। जहां महिला का शव चारपाई पर पड़ा था। इसकी सूचना पर थाना पुलिस और सीओ उझानी शक्ति सिंह भी पहुंच गए।
विज्ञापन
महिला शांति देवी घर में अकेली रहती थी। उसका इकलौता बेटा सुशील कुमार पत्नी बच्चों के साथ शहर में रहता है। छानबीन में उसके घर की लाइट कटी मिली है। महिला के जेवर गायब हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले घर की लाइट काटी। उसके बाद महिला की हत्या करके लूटपाट के बाद मौके से फरार हो गए। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।