कैराना से लौटने के दौरान एडीजी आवास पर मीडिया से की बातचीत
बरेली। बरेली पहुंचे डीजीपी मुकुल गोयल ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जिलों में तीन साल कार्यकाल पूरा करने वाले अफसरों को हटाया जाएगा।
डीजीपी कैराना से लखनऊ जाने के दौरान मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग के चलते बरेली पहुंचे थे। एनआईसी में वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद वह एडीजी अविनाश चंद्र के आवास पर पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान डीजीपी ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ट्रांसफर-पोस्टिंग की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। ज्यादातर जिलों में इस पर अमल भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि 31 मई 2022 तक जिन अफसरों की तैनाती के तीन साल पूरे होंगे, उनका ट्रांसफर किया जाएगा। सोशल मीडिया के बारे में उन्होंने कहा कि यह अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस पर रोकथाम के लिए पुलिस काफी काम कर रही है, लोग भी पहले की अपेक्षा जागरूक हुए हैं। मगर अब भी इस पर काफी काम करने की जरूरत है ताकि सोशल मीडिया के जरिये होने वाले अपराधों पर रोकथाम लगाई जा सके। इस दौरान दौरान अधिकारियों से उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बदायूं और शाहजहांपुर की तैयारियों को लेकर भी समीक्षा की। आईजी रमित शर्मा, डीएम मानवेंद्र सिंह और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी उनसे मिलने पहुंचे।