मुरादाबाद मंडल के एडीआरएम मान सिंह मीणा के मुताबिक, रेलवे बोर्ड ने कोरोना संक्रमण से बचने के लिए यात्रा के नियमों में भारी बदलाव किया है। उनके मुताबिक, स्टेशनों पर सामाजिक दूरी का पालन हर हाल में किया जाएगा। सबसे खास यह है कि जिन यात्रियों के पास कंफर्म टिकट होगा केवल उन्हें ही प्लेटफार्म पर प्रवेश मिलेगा। कोच में चढ़ने से पहले यात्री का स्वास्थ्य जांचा जाएगा, संदिग्ध पाए जाने पर यात्री का टिकट रद्द कर उसे पूरा रिफंड दिया जाएगा।
इसके लिए यात्री तो करीब डेढ़ घंटा पहले प्लेटफार्म पर पहुंचना होगा। यात्री को ट्रेन में भी फेस कवर/मास्क पहनना जरूरी होगा, वहीं मोबाइल में आरोग्य सेतु एप भी अनिवार्य रहेगा। उन्होंने बताया कि ट्रेन के भीतर कोई लिनेन, कंबल और पर्दे उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे। यात्रियों को सलाह दी दी कि वह अपना लिनेन, भोजन और पानी साथ लेकर यात्रा करें। एसी कोचों के भीतर का तापमान उपयुक्त रूप से नियंत्रित रखा जाएगा। यात्रियों को कम सामान के साथ सफर करने की सलाह दी जाती है। सभी स्टेशनों पर खानपान के स्टाल खुले रहेंगे।
टिकट कंफर्म नहीं तो प्लेटफार्म पर भी नहीं घुस सकेंगे यात्री
नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-लखनऊ मेल, आनंद विहार-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस और आनंद विहार-गाजीपुर सुहेलदेव एक्सप्रेस में लोगों ने बड़ी संख्या में वेटिंग और आरएसी में टिकट बुक कराए हुए हैं। एडीआरएम ने साफ कहा है कि अगर टिकट कंफर्म नहीं हुआ तो यात्री को प्लेटफार्म पर घुसने की अनुमति नहीं होगी। यहां बता दें कि श्रमजीवी और लखनऊ मेल में दो सौ और सत्याग्रह और सुहेलदेव में 80 के आसपास वेटिंग चल रही है। एडीआरएम की अपील है कि अगर टिकट कंफर्म होने का मेसेज न आए तो वह स्टेशन न आएं। यहां बता दें दि रेलवे ने यात्रा से 30 दिन पहले टिकट बुक करने की सुविधा शुरू की हुई है। वहीं टिकट का रिफंड 180 दिन के भीतर लिया जा सकता है।