बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। निर्वाचन अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रत्याशी अपना पर्चा दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्तूबर निर्धारित की गई है।
सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रीति जायसवाल ने बताया कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) सात अक्तूबर को होगी। प्रत्याशी नौ अक्तूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
मतदान 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी और 31 अक्तूबर तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान मंडलायुक्त कार्यालय से सौ मीटर पहले बैरिकेडिंग होगी। नामांकन पत्र लेने या दाखिल करने वाले लोग ही अंदर प्रवेश कर सकेंगे।
समर्थकों को बैरिकेडिंग पर ही रोक लिया जाएगा। परिसर में पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। प्रवेश जंक्शन रोड की तरफ स्थित गेट से ही मिलेगा। नारेबाजी पर रोक रहेगी। आयोग के दिशानिर्देश का किसी भी परिस्थिति में उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे अभ्यर्थी, सभी कॉलम भरना जरूरी
बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के तहत सोमवार को आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने संबंधित जानकारियां दीं।
बताया कि 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के बाद पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक आरओ, एआरओ के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। नामांकन पत्र अभ्यर्थी या प्रस्तावक व्यक्तिगत प्रस्तुत करेंगे। डाक, फैक्स, ई-मेल से मिले नामांकन स्वीकार नहीं होंगे। अभ्यर्थी चार नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेगा।
निर्वाचन नामावली में अभ्यर्थी और प्रस्तावक के विवरण का तकनीकी मिलान किया जाएगा। नामांकन के साथ सभी अभिलेख पूर्ण, सही तरीके से देने होंगे। फॉर्म-26 शपथ पत्र के सभी कॉलम जरूर भरें और जहां लागू न हो वहां निल अंकित करें।
इसके अलावा आदर्श आचार संहिता के प्रावधान, प्रतिबंध, काफिले, प्रचार प्रसार समेत अन्य आयोग के निर्देश की जानकारी देकर अनुपालन के निर्देश दिए। सभी राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित निर्वाचन सुनिश्चित कराने में सहयोग को कहा।
अफसरों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के नामांकन को लेकर मंडलायुक्त शंभू कुमार और डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने नामांकन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। बैरिकेडिंग, प्रवेश द्वारों पर जांच, सीसी कैमरे, पुलिस बल की तैनाती, यातायात डायवर्जन प्लान की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने बाहरी व्यक्तियों और वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, डीआईजी ने पर्याप्त पुलिस बल तैनाती के निर्देश दिए। यहां जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।