बिशारतगंज। मझगवां ब्लॉक के ढकौरा गांव में बकाया वसूली करने गए विद्युत कर्मी गांव के एक ट्रांसफार्मर की सप्लाई काटकर चले आए। इससे गांव के 50 से अधिक घर अंधेरे में डूबे पड़े हैं।
बुधवार को विद्युत निगम की ओर से गांव में बकाया वसूली शिविर लगाया गया था। ग्राम प्रधान पुत्र सूरज पाल, गोविंद राम, सुंदर सिंह फौजी, छोटे लाल, हरीशचंद्र आदि ने बताया कि गांव के लिए आंवला के पुरैना विद्युत केंद्र से विद्युत आपूर्ति की जाती है। गांव में करीब 200 विद्युत कनेक्शन हैं। इनमें कुछ उपभोक्ताओं पर निगम की बकाया है। बकाया वसूली के लिए बुधवार को लगे शिविर में कुछ उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि जिन बकाएदारों ने पंजीकरण नहीं कराया है। उनके कनेक्शन न काटकर निगम कर्मी एक ट्रांसफार्मर से जुड़े सभी उपभोक्ताओं की बिजली गुल कर गए। इस संबंध में जानकारी के लिए जेई से संपर्क का प्रयास किया गया तो बात नहीं हो सकी।
केवल सात लोगों ने पंजीकरण कराया है। सिर्फ बकायादारों की सप्लाई काटी गई है।
- कामेश कुमार, एसडीओ