दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश में बदायूं गई पुलिस
अवैध संबंधों की भी चर्चा, आज खुलासा करेगी पुलिस
बरेली। सुरेश शर्मा नगर के व्यापारी शानू गुप्ता की हत्या रुपयों के लेनदेन में की गई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे की तलाश में एक टीम बदायूं भेजी गई है। सोमवार को पुलिस मामले का खुलासा कर देगी।
बारादरी के सुरेश शर्मा नगर में रहने वाले व्यापारी शानू गुप्ता का शव 16 अक्तूबर को भुता के गांव दासपुर के जंगल में मिला था। दो गोली मारकर और गला घोटकर उनकी हत्या की गई थी। शानू के लापता होने पर छोटे भाई सचिन ने थाना बारादरी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि शानू 14 अक्तूबर की सुबह करीब सात बजे घर से पैदल निकले थे और फिर लापता हो गए। शव बरामद होने के बाद पुलिस गुमशुदगी को हत्या में तरमीम कर मामले की जांच कर रही थी।
रविवार को पुलिस ने इस मामले में दुर्गानगर के विनय गुप्ता और हाफिजगंज के राजू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने बताया कि उन्होंने बदायूं के सुनील के साथ मिलकर शानू की हत्या की थी। विनय ने दुर्गानगर के एक व्यक्ति से शानू को रुपये उधार दिलाए थे। रुपये वापस न करने पर विनय ने राजू और सुनील के साथ मिलकर शानू की हत्या की योजना बना ली। तीनों ने मिलकर शानू को पहले शराब पिलाई फिर भुता ले जाकर दो गोलियां मारीं। बाद में गमछे से गला घोट दिया। चर्चा है कि एक आरोपी की पत्नी से शानू के संबंध भी थे, इसके चलते ही उनकी हत्या की गई। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि तीन आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। सोमवार को पूरी घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।