आईएमसी प्रमुख ने कानपुर में एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। कहा, कानपुर में जो कुछ हुआ, उसकी वह निंदा करते हैं, लेकिन अब जो एकतरफा कार्रवाई की जा रही है वह सरासर गलत है। सही बात तो यह है कि वहां प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पथराव किया गया। तभी झड़प हुई। लिहाजा एकतरफा कार्रवाई न करके सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। सरकार मौन तोड़े और स्थिति स्पष्ट करे। पार्टी के मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि सोमवार को उलमा और बुद्धिजीवियों की बैठक होगी। इसमें 10 जून के धरना प्रदर्शन पर निर्णय लिया जाएगा।
निलंबन की कार्रवाई पर प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष का किया शुक्रिया
जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने नुपुर शर्मा के निलंबन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का शुक्रिया अदा किया है। साथ ही नुपुर की गिरफ्तारी की मांग की है। फरमान हसन ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता को बर्खास्तगी कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और पार्टी अध्यक्ष को पत्र लिखा था। इधर, जमात के प्रवक्ता समरान खान ने भी नुपुर के खिलाफ कार्रवाई को भाजपा अध्यक्ष का अच्छा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अभी पार्टी ने कार्रवाई की है, लेकिन कानूनी कार्रवाई होनी बाकी है।