बरेली। बहेड़ी के दैयाभोज गांव के 30 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा की हत्या अवैध संबंधों में होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, एक बेवा से ओमप्रकाश के संबंध थे। इसका पता चलने पर महिला के बेटे ने ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और फिर बाइक, तमंचा मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। बाइक आरोपी के बुलंदशहर के दोस्त की थी।
ओमप्रकाश शर्मा का उत्तराखंड बार्डर के गांव अर्सियाबोझ में क्लिनिक था। बाइक से वह रोजाना ही वहां आते-जाते थे। परिवार वालों के मुताबिक शुक्रवार रात दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे, तभी करीब नौ बजे गांव की पुलिया के पास उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को मौके से तमंचा और बाइक मिली। जांच के दौरान सामने आया कि एक विधवा से ओमप्रकाश के संबंध थे। महिला का बेटा नोएडा में रहकर नौकरी करता है। वह संबंधों का विरोध करता था। वह अपने एक दोस्त की बाइक मांगकर यहां पहुंचा और ओमप्रकाश के सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। दोस्त को फंसाने के लिए उसकी बाइक और तमंचा मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो बाइक बुलंदशहर के युवक की निकली। पुलिस ने उसे पकड़ा तो दोस्त के बाइक मांगकर ले जाने की बात सामने आई। इसके बाद सारी कड़ियां जुड़ गईं। अब पुलिस हत्या आरोपी युवक को तलाश रही है। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक महिला से संबंधों की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला के बेटे ने ही हत्या की है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी