डीआईओएस का स्वागत करते प्रधानाचार्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से किया संवाद
बरेली। डीआईओएस डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बुधवार को सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्यों और स्कूल प्रबंधकों से संवाद किया। कहा, वे अपने स्कूलों को सर्वोत्तम बनाएं। विद्यार्थियों की रुचि समझें। जिस विषय में वे अच्छा कर रहे हों, उसमें उन्हें खुलकर काम करने दें। उन्हें राष्ट्रीय स्तर का समाचार पत्र रोजाना पढ़ने के लिए प्रेरित करें।
दिल्ली पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित संवाद में डीआईओएस ने तीन प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की। कहा, सभी विद्यालय मिलकर बरेली में उत्कृष्ट खेल वातावरण तैयार करें। इंस्पायर अवार्ड के माध्यम से बरेली में होनहार वैज्ञानिक तैयार करने के लिए सभी विद्यालय मिलकर इसमें नामांकन कराएं। पढे़ बरेली, बढ़े बरेली के तहत सभी विद्यालयों के सभी बच्चों एवं शिक्षकों को एक साथ, एक समय पर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्यों से यह भी कहा कि बच्चों को एनसीईआरटी की किताबाें के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाआें के लिए तैयार करें। डीपीएस के प्रिंसिपल वीके मिश्र ने डीआईओएस को पौधा सौंपकर उनका स्वागत किया।