बरेली। जनता एक्सप्रेस से देहरादून से अपने घर अयोध्या जा रहे 18 वर्षीय राहुल को लूटने के बाद बदमाशों ने चलती ट्रेन से फेंक दिया। इससे उनके दोनों पैरों के पंजे कट गए। घायल अवस्था में वह रात भर रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े रहे। बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने देखा तो एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि जीआरपी लूट से इनकार कर इसे हादसा बता रही है लेकिन कैंट पुलिस की जांच में लूट की पुष्टि हुई है।
जिला अस्पताल में भर्ती अयोध्या के मीरमऊ निवासी राहुल ने बताया कि वह देहरादून की एक फैक्टरी में दवा के डिब्बे बनाने का काम करते हैं। वह बुधवार को घर जाने के लिए देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस में सवार हुए। रात करीब सवा दो बजे ट्रेन बरेली जंक्शन पर पहुंची। जंक्शन पर ट्रेन से उतरकर उसने कुछ खाने के बाद रुपये दिए तो पर्स में रखे रुपये कुछ बदमाशों ने देख लिए। जंक्शन से ट्रेन रवाना हुई तो वे बदमाश उसके पीछे ही कोच में चढ़ गए। ट्रेन के जंक्शन से आगे बढ़ते ही बदमाशों ने उनकी पिटाई करके बैग, पर्स और मोबाइल लूट लिया। पर्स में 20 हजार रुपये की नकदी थी। लूटने के बाद बदमाशों ने उन्हें चलती ट्रेन से फेंक दिया।
रात भर वह रेलवे लाइन के किनारे पड़े रहे। सुबह जब लोग उधर से गुजरे तो एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। राहुल ने बताया कि उनके दोनों पैरों के पंजे कट गए हैं। जिला अस्पताल की ओर से पुलिस को घटना की सूचना दी गई, लेकिन बृहस्पतिवार शाम तक कोई पुलिसकर्मी उनके बयान लेने नहीं पहुंचा।
शनिवार को मुरादाबाद के पास दो ट्रेनों में हुई थी लूट
ट्रेनों में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार को मुरादाबाद के पास गोविंदनगर आउटर के पास भी दो ट्रेनों में लूट हुई थी। फैजाबाद-दिल्ली और लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस में असलहे लेकर चढ़े बदमाशों ने 10 से ज्यादा यात्रियों से लूटपाट की थी। बदमाश यात्रियों के पर्स, मोबाइल, नकदी और जेवर आदि लूट ले गए थे। हालांकि जीआरपी ने पांच यात्रियों से ही लूट की बात स्वीकार की थी।
कैंट स्टेशन के पास ट्रेन में फौजी की बेटी के अपहरण की हुई थी कोशिश
कैंट स्टेशन के पास ही हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस के एची कोच में पांच अप्रैल को एक मासूम के अपहरण की कोशिश की गई थी। गया निवासी फौजी शैलेंद्र परिवार के साथ इस ट्रेन के एसी कोच में सफर कर रहे थे तभी एक बदमाश ने उनकी तीन साल की बेटी को बर्थ से उठा लिया और भागने लगा था, लेकिन शैलेंद्र ने बच्ची को उससे छीन लिया था। आरपीएफ अब तक बदमाश का कोई पता नहीं लगा सकी है।
यात्री जनता एक्सप्रेस में पायदान पर यात्रा कर रहा था। नींद के झोंके में ट्रेन से गिर गया। उसके पैरों में चोट लगी है। लूटपाट की बात गलत है। - अमीराम सिंह, इंस्पेक्टर, जीआरपी बरेली जंक्शन
दरोगा को भेजकर युवक से बात कराई गई है। उसने बताया कि कुछ लड़कों ने पर्स में रुपये देख लिए थे और ट्रेन चलने के बाद मारपीट कर पर्स, मोबाइल आदि छीनकर ट्रेन से धक्का दे दिया। युवक का अभी इलाज चल रहा है, उससे तहरीर मांगी गई है। - राजीव सिंह, इंस्पेक्टर कैंट