फतेहगंज पूर्वी। नगर पंचायत के पास स्थित फैक्टरी में शुक्रवार को शाहजहांपुर के थाना जैतीपुर के गांव वाहनपुर निवासी पेशकार (35) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। फैक्टरी मालिक और ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फैक्टरी संचालक कस्बा निवासी योगेश गोयल और साथी मजदूर गिरने की वजह से सिर पर चोट लगने की बात कह रहे हैं।
पेशकार पिछले तीन वर्षों से इस फैक्टरी में काम करते थे। फैक्टरी परिसर में ही वह अकेले रहते। पत्नी व बच्चे गांव में रहते हैं। पत्नी नीतू ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब छह बजे ठेकेदार मुख्तयार की कॉल उनके मोबाइल फोन पर आई। ठेकेदार ने पति के बीमार होने की बात कही। जब वह फैक्टरी पहुंचीं तो पति की मौत हो चुकी थी।
उनके सिर पर पीछे की ओर चोट लगी थी। उन्होंने बताया कि ब्रेड जल जाने की वजह से पति से मारपीट की गई। पिटाई के दौरान ही सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे सीओ फरीदपुर आशुतोष शिवम से परिजनों की झड़प भी हुई। समझाने पर परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए।
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव पहुंचा। पेशकार के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व दो बेटियां हैं। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
साथी बोले- तबीयत बिगड़ने पर दिलाई थी दवा
साथी मजदूरों का कहना है कि शुक्रवार सुबह चार बजे तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने पेशकार को दवा दिलाई। इसके बाद वह सो गए। सुबह जागने पर सीढ़ियों के पास पेशकार अचेत मिले। उनके सिर पर चोट लगी हुई थी। इससे खून निकल रहा था। डॉक्टर को बुलाने के साथ ही फैक्टरी मालिक को भी बताया गया। कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।