गैंग के निशाने पर हैं कॉलेज की लड़कियां
जिस लड़की के जरिये उद्यमी को ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई, वह स्नातक की छात्रा है। वह पुराना रोडवेज इलाके की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि नावेद व गुलाम साबिर आजाद के संपर्क में कई लड़कियां हैं। इनमें अधिकतर छात्राएं हैं। इस बात की भी आशंका है कि कहीं यह गैंग लड़कियों को ब्लैकमेल तो नहीं कर रहा है।
संबंधित खबर- Honey Trap: बरेली में हिस्ट्रीशीटर के साथ मिलकर हनीट्रैप गैंग चला रहे थे दरोगा-सिपाही, एसएसपी ने किया निलंबित
दरोगा-सिपाही को बचाने में जुटा महकमा
किला चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार व सिपाही कोलेंद्र कुमार के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले में दोनों की संलिप्तता बिल्कुल साफ है। रुपये वसूलने के लिए दरोगा व सिपाही ने उद्यमी को उसकी फैक्टरी भेज दिया। बाद में खुद भी वहां चले गए। इंस्पेक्टर तक को सूचना नहीं दी। इसके बाद भी पुलिस अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज कर महज निलंबन की कार्रवाई की। गिरफ्तारी के सवाल पर अधिकारी खामोश हैं।
महिला चला रही गिरोह, आईजी से शिकायत
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में एक महिला हनी ट्रैप गैंग चला रही है। ढाबा संचालक व मेडिकल स्टोर स्वामी उसके निशाने पर हैं। सोमवार को आईजी ऑफिस पहुंचकर मेडिकल स्टोर संचालक की पत्नी ने बताया कि इस गैंग ने उसके पति से सात लाख रुपये ऐंठने की कोशिश की। बतौर साक्ष्य उसने ऑडियो व वीडियो भी दिखाए।
मीरगंज क्षेत्र की महिला ने बताया कि महिला ने पति को हनी ट्रैप में फंसा लिया। इसके बाद सात लाख रुपये वसूलने की कोशिश की। रुपये न देने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। यह गैंग थानों में कई झूठी शिकायतें भी कर चुका है। एक मामले में तो कोर्ट ने आरोपों को झूठा पाते हुए खारिज कर दिया था। उन्होंने गैंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।