सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ प्रदीप वार्ष्णेय। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिसौली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रदीप कुमार वार्ष्णेय ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक चिकित्सक समेत तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने केंद्र प्रभारी डॉ. रोहित कुमार को ऑपरेशन थियेटर को दुरुस्त कराकर सिविल ऑपरेशन कराने के निर्देश दिए।
मंगलवार को सीएमओ ने जिला कोल्ड चेन मैनेजर अरविंद गुप्ता के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। एक चिकित्सक डॉ. प्रियंका वार्ष्णेय, वार्ड ब्वाय अभिषेक व कर्मचारी राजेश माहेश्वरी अनुपस्थित मिले। इसके बाद सीएमओ ने लेबर रूम का निरीक्षण किया जो ठीक निकला। ऑपरेशन थियेटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारी को उसे दुरुस्त कराकर सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
एक्सरे रूम के निरीक्षण के दौरान डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि यहां टेक्नीशियन नहीं है जबकि डीआर अनुपस्थित चल रहे हैं। टीबी वार्ड में प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने सीएमओ को बताया कि 40 मरीजों की दवा चल रही है। वार्ष्णेय ने उन्हें निर्देश दिए कि सभी दवाओं को तत्काल आशाओं के माध्यम से मरीजों में वितरित कराया जाए।
सीएमओ ने दंत रोग विशेषज्ञ को भी आवश्यक चीजों की डिमांड भेजे जाने को कहा।
उन्होंने टीकाकरण केंद्र का भी निरीक्षण कर कोल्ड चेन को देखा। इसके अलावा सीएमओ ने केंद्र प्रभारी से कहा कि सीएचसी को और बेहतर बनाकर कायाकल्प अवॉर्ड जीतने का प्रयास कीजिए। इस दौरान फार्मासिस्ट धीरेंद्र मिश्रा, बीपीएम कौशल शर्मा, राजीव सक्सेना, नेहा वर्मा, शशि शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद