जयपुर जाने वाली दो जोड़ी ट्रेनें निरस्त, बढ़ेगी परेशानी
नए साल की शुरुआत में बरेली-जयपुर के बीच ट्रेनों का सफर मुश्किल होगा। बरेली से जयपुर, अजमेर होते हुए भुज, इंदौर, किशनगंज, अहमदाबाद के बीच चलने वाली चार ट्रेनों को रेलवे ने अलग-अलग तारीखों में निरस्त कर दिया है। दूसरी ओर 28 दिसंबर से चार जनवरी तक चार अन्य ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। इस दौरान बरेली से जयपुर, अजमेर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को समस्या होगी।
प्रत्येक सोमवार और बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को चलने वाली 14321 बरेली-भुज एक्सप्रेस सोमवार को निरस्त रही। यह ट्रेन बुधवार 27 दिसंबर को भी निरस्त रहेगी। इसी तरह सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलने वाली 14322 भुज-बरेली एक्सप्रेस 29 दिसंबर को निरस्त रहेगी। वहीं 15716 अजमेर-किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस चार और आठ जनवरी को निरस्त रहेगी जबकि 15715 किशनगंज-अजमेर गरीब नवाज एक्सप्रेस 30 दिसंबर और एक व तीन जनवरी को नहीं चलेगी।
इसके अलावा सोमवार को 14650 अमृतसर-जयनगर सरयू-यमुना एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है। अमृतसर से चलने वाली यह ट्रेन मंगलवार 26 दिसंबर को बरेली नहीं आएगी।
पांच ट्रेनों का संचालन बदले रूट से होगा
वहीं कई स्थानों पर उच्चीकरण कार्यों के चलते 15097 भागलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 28 दिसंबर से चार जनवरी तक मुजफ्फरपुर-छपरा ग्रामीण-गोरखपुर के स्थान पर मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज-पनियहवा-गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी। 12491 बरौनी-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 15531 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस 31 दिसंबर और 15651 गुवाहाटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस एक जनवरी को मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज-पनियहवा-गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी।
तीन जोड़ी गाड़ियों में 30 जनवरी तक सीट नहीं
अहमदाबाद-सुल्तानपुर के बीच प्रत्येक मंगलवार और बृहस्पतिवार को चलने वाली 20939/20940 सुल्तानपुर एक्सप्रेस में 30 जनवरी तक किसी भी श्रेणी में कंफर्म टिकट नहीं है। स्लीपर से लेकर एसी तक की तीनों श्रेणियों में वेटिंग 20 से 70 तक पहुंच गई है। सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार शनिवार को चलने वाली 19270/19269 पोरबंदर एक्सप्रेस, मंगलवार और शनिवार को चलने वाली 19602/19601 उदयपुर एक्सप्रेस में भी कंफर्म टिकट नहीं है।