बरेली। युवाओं को तकनीकी तौर पर सशक्त बनाने के लिए संचालित टैबलेट/स्मार्टफोन वितरण योजना में अब स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। शासन से आदेश जारी होने के बाद रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध महाविद्यालयों से विद्यार्थियों का डाटा मांगा है। चुनाव बाद वितरण की प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रदेश सरकार की ओर से भेजे गए 13 हजार स्मार्टफोन/टैबलेट शुक्रवार को बरेली तहसील पहुंच चुके हैं। जिन्हें जिला प्रशासन की निगरानी में रखवाया गया है। बीते दिनों शासन से वितरण संबंधी प्रक्रिया के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र भेजा गया था। इसमें स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की सूची भी संलग्न करने के निर्देश दिए गए थे ताकि उन्हें भी उपकरण वितरित किए जा सकें।
आदेश के तहत कुलसचिव ने सभी महाविद्यालयों से विद्यार्थियों की सूची मांगी है ताकि शासन को भेजकर सूची में स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को भी शामिल किया जा सके। बीते दिनों करीब 22 सौ विद्यार्थियों को संजय कम्युनिटी हाल में सामूहिक तौर पर आयोजन कर स्मार्टफोन और टैबलेट वितरण किया गया था।
ताकि फर्जीवाड़े की न रहे कोई गुुंजाइश - पिछले दिनों वितरण संबंधी निर्देश जारी होने के दौरान स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का नाम शामिल नहीं हुआ था क्योंकि कई महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया चल रही थी। प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भी कई बार पंजीकरण, शुल्क जमा करने के बाद भी पढ़ने नहीं आते हैं। वह दूसरे कॉलेजों में प्रवेश ले लेते हैं। ऐसे में फर्जीवाड़ा होने की आशंका थी। अब सेमेस्टर और मिड टर्म परीक्षा समाप्त हो चुकी है। अब फाइनल सूची तैयार की जाएगी।