मीरगंज/दुनका। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मीरगंज शाखा से एक किसान दंपती के खाते से 23 लाख 53 हजार रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए गए। मामले में दंपती की तहरीर पर मीरगंज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मीरगंज के गांव नगरिया सादात में रहने वाले अशोक कुमार के मुताबिक उनका और उनकी पत्नी अनीता देवी का सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मीरगंज शाखा में संयुक्त खाता है।
उन्होंने अपने खाते से पांच महीने से कोई लेनदेन नहीं किया था। उनके खाते में 26 लाख रुपये जमा थे। पांच महीने पहले वह बैंक गए तो शाखा प्रबंधक ने उन्हें बताया कि कई महीनों से लेनदेन न करने की वजह से उनका खाता बंद हो गया है। वह अपने आधार कार्ड की फोटो कापी दे जाएं तो खाता चालू कर दिया जाएगा। इस पर वह आधार कार्ड की कापी दे आए।
11 फरवरी को उसके मोबाइल पर 10 हजार खाते से निकलने को मेसेज आया, इस पर वह बैंक गए और खाते का ब्योरा देखा तो पता चला कि पांच साल में उनके खाते से 23 लाख 53 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। मामले में मीरगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मीरगंज इंस्पेक्टर दयाशंकर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मैनेजर से खाते का ब्योरा मांगा गया है, जिसमें पांच साल में दस-दस हजार रुपये निकलने की बात सामने आई है। मामले में शाखा प्रबंधक से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल बंद था।